सूर्यविज्ञानःआत्मचिन्तन के दूसरे संस्करण की सूचना






द्वितीय संस्करण की भूमिका-

मेरे प्रिय आत्मन् !

            आप जैसे शत-सहस्र सहृदय-स्नेहिल पाठकों का श्लाघ्य अविचल प्रेम ही है, जो आज मुझे ‘’सूर्यविज्ञानःआत्मचिन्तन” के द्वितीय संस्करण की भूमिका लिखने को प्रेरित कर रहा है।

 जैसा कि आप जानते ही हैं, अब से पूर्व (लिखित-सम्पादित) प्रकाशित मेरी तीस पुस्तकों में प्रस्तुत पुस्तक सूर्यविज्ञानःआत्मचिन्तन सर्वाधिक लोकप्रिय रही। जिसकी सूचना समय-समय पर अमेजन, फ्लिपकार्ट, नोशनप्रेस सहित मेरे फेशबुक और ब्लॉग के माध्यम से मिलती रही है।

इस पुस्तक की सहयोगी कड़ी स्वरूप प्रकाशित, तन्त्र-योग-साधना पर आधारित उपन्यास “बाबा उपद्रवीनाथ का चिट्ठा” पाठकों की प्रेम-पंक्ति में दूसरे स्थान पर विभूषित रही और बाकी पुस्तकें (वास्तु, ज्योतिष, तन्त्र, उपन्यास, कहानी-संग्रह, व्यंग्य-संग्रह, विचार-संग्रह आदि) बस रेंगती भर रह गईं।

सताइसवीं पुस्तक ‘’साधक का द्वन्द्व’’ ने पाठकों को फिर एक बार झकझोर कर जगाया, जिसके सुमधुर परिणाम स्वरूप लेखन से लगभग सन्यास ले चुकी ७३वर्ष पुरानी आँखों ने काँपती ऊँगलियों को प्रेरित किया फिर से ‘कीबोर्ड’ पर दौड़  लगाने हेतु। परिणामतः पिछले दस-बारह वर्षों से अधूरी पड़ी पुस्तक “मन्त्रविज्ञानविमर्श” को येन-केन-प्रकारेण पूर्ण किया।

इसका फाइनल प्रूफ बाकी ही है कि सूर्यविज्ञानःआत्मचिन्तन की माँग आने लगी। फलतः यत्किंचित् संशोधित स्वरूप में द्वितीय संस्करण की तैयारी में लग गया।

हालाँकि इस संस्करण में कोई खास बात नहीं है। किन्तु एक बात जो सबसे खास है, वह यह है कि गुरुदेव डॉ.मेधाव्रत शर्माजी (डी.लिट.)का आशीर्वचन स्वरूप  प्राप्त विशद मन्तव्य इसमें यथावत प्रकाशित करने का अवसर मिल रहा है।

पुस्तक लेखन के समय, जिन बातों पर मेरा ध्यान कदाचित् नहीं गया था, जिन रहस्यमयी कुञ्जियों की चर्चा मैं नहीं कर पाया हूँ अपनी अल्पज्ञता वश, उन गुत्थियों को खोलने का स्तुत्य संकेत आदरणीय गुरुदेव ने कर दिया है अपने स्नेहिल मन्तव्य में। फलतः सूर्यतन्त्र (सूर्यविज्ञान) के जिज्ञासुओं एवं साधकों को इससे काफी लाभ मिलने की सम्भावना उदित हो गई। आप चाहें तो उन अनसुलझी गुत्थियों को गुरुदेव की संकेतिक कुञ्जी से सहज ही खोल सकते हैं, ऐसा मेरा विश्वास है।

विदित हो कि जिसासु पाठकों की माँग और प्रथमसंस्करण की तात्कालिक अनुपलब्धता वश डॉ.राकेशदत्त मिश्र जी (पटना) के सम्पादकत्व में प्रकाशित मासिक पत्रिका “दिव्यरश्मि” में सूर्यविज्ञानःआत्मचिन्तन को धारावाहिक रूप से प्रकाशित किया जा रहा है।

प्रस्तुत द्वितीय संस्करण आपके लिए अधिकाधिक उपयोगी हो, लुप्तप्रायः सूर्यतन्त्र (सूर्यविज्ञान) अद्यतन लोकमानस में पुनीत स्थान ग्रहण करे एवं भुवनभास्कर की महती कृपा आप पर सदा बनी रहे, इसी कामना के साथ नूतन कलेवर में सूर्यविज्ञानःआत्मचिन्तन आपके कर कमलों में सहर्ष समर्पित कर रहा हूँ। अस्तु।

                                                            कमलेश पुण्यार्क

                                                   शारदीय सूर्यषष्ठी

                                                        विक्रमाब्द २०८३(१५नवम्बर२०२६)


 

Comments