जिन्दा
प्रेतों का आशीर्वाद
स्वनामधन्य
सोढ़नदासजी के मानस-संग्रहालय में एक से एक अनोखे अनुभव संचित हैं। उन्हीं में से एक खास अनुभव आज सुबह-सुबह साझा
करने चले आए मेरे पास।
बाकी
समय में तो कोई गारंटी-वारंटी नहीं रहती, किन्तु सुबह-शाम के साझाकरण में एक बात
की गारंटी जरुर रहती है कि ड्यूटी जाने से पहले घर-गृहस्थी की सारी जिम्मेवारियों
की सलतन्तगी में श्रीमतीजी घर में ही विराजित रहती हैं कीचन में खटर-पटर करती और
इसका फायदा तुरत मिलता है—चारपाई ‘डटाते’ ही चाय की प्याली के साथ कुछ नमकीन भी हाज़िर हो जाता है कुटुर-पुटुर
करने को। वैसे भी बिना ‘कुटुर-पुटुर’
के ‘खुसुर-फुसुर’ बिल्कुल अच्छा नहीं
लगता। संयोग से बातें यदि ज्यादा लच्छेदार
हुई, तो ना-नू करते हुए, खींसे निपोरते , पूर्वाह्न भोजन का आमन्त्रण स्वीकारना भी
विवशता के दायरे में मान लिया जाता है ‘सनातनी मानवता धर्म’ के तहत।
दरअसल
‘वसुधैव कुटुम्बकम्’
की सीखवाली हार्दिक आवभगत की सम्भावनाएँ तो हमारी संस्कृति में ही हैं न । ‘ वेल वेस्टनाइज़्ड’ मॉडर्नों के
‘सिंगल BHK’
वाली आत्मतोषी हवेलियों में तो रोटियाँ भी गिन-गुथ कर ही सिंकती हैं ! खुदा-न-खास्ते यदि उनमें से एकाध बच जाए, तो तुरत पंडितजी को फोन लगाकर
पूछना पड़ता है कि आज सफेद गाय को खिलाऊँ या भूरी गाय को...पिछली बार काली गाय को
खिलाया था, तो आपने कहा था कि बढ़िया वाली समृद्धि आने से इसी कारण रूकी हुई है, क्योंकि
हरबार काली गाय को खिलाया करते थे। अरे भाई ! गाय गाय होती
है। वो आदमी थोड़े है जो हेयरडाई-हाईफाई लगाकर जरुरत के हिसाब से रंग बदला
करे ! और बेचारी सुधुआ जीव— गायों की सभ्यता में ‘नेतागिरी’ भी नहीं चलती, जो सामाजिक-राजनैतिक हवा का
रूख देख-भाँप पर गिरगिट से प्रतिद्वन्द्विता करने लगे। अहम बात तो ये है कि ‘हाईब्रीड जेनरेशन’ वाला इन्सान गाय को रोटी खिलाने
में थोड़ी आस्था रखता है, यही क्या कम है सनातन के पोषण हेतु ! ऐसे चुनिंदे लोगों की बदौलत ही तो सठिआया सनातन अभी भी आबाद है। गौरतलब है
कि झबरे कुत्ते को मीट-मुर्गा खिलाकर, गलबहियाँ लेकर सोने में जो सियाशी शुकून है,
वो भला गाय में कहाँ ! गाय का सबसे बड़ा सदुपयोग है—बाबाओं से हिन्दुराष्ट्र का बिगुल बजवाते हुए
‘वीफ एक्सपोर्ट’ का ‘ग्राफ लेबल’ हाई करना।
हालाँकि
विशेष समझदार लोग ये सब मीन-मेष में जरा भी नहीं पड़ते। ‘टॉमी’ को ब्रेड-बिस्किट खिलाते हैं और बची रोटियाँ फ्रिज़
में तहिया देते हैं। क्योंकि नये शोध से पता चला है कि फ्रिज़ में रखी रोटियाँ
ज्यादा पौष्टिक हो जाती है, खासकर डायबिटीज और कोलेस्ट्रोल वालों के लिए। वैसे भी
फ्रिज़ का उपयोग यही सब है न ! बचा-खुचा, बासी-तेवासी खाने
की परम्परा फ्रीजी सभ्यता की इकलौती देन है और इस मॉडर्नीटी पर हमें नाज़ भी है।
मुझे
अपनी सोच-धुन में धूनी रमाते देख, सोढ़नदासजी ने ही पहल किया—“क्या बात है बबुआ ! तुम्हारे ऊपर भी किसी प्रेत-स्रेत
की साया पड़ गई है क्या?”
‘ प्रेत की साया ? ’—मैं चौंका
उनकी बातों पर।
“ हाँ-हाँ, प्रेतांशा की ही बात कर रहा हूँ। मुझे भी हर वक्त गुम-सुम रहने की लत लग गई थी।
कोई सामने बैठा हो, फिर भी मैं अपने में ही खोया रहता था। दिन भर अकेले पड़े रहता था। मन चिड़चिड़ा और
उचाट रहता था। या तो मोबाइल से चिपके रहता था या बिस्तर से। संयोग से एक पंडितजी मिल
गए। उन्होंने ललाट देखते ही कहा कि भयंकर प्रेत-प्रकोप है। इसकी शान्ति ‘प्रेतशिला’ पर जाकर करानी होगी। क्योंकि असली
वाले ‘धर्मारण्य-अहरह कूप’ पर
प्रेतों की भीड़ ज्यादा हो गई है। एक ही पीपल में लाखों-लाख प्रेत लटका दिए गए
हैं। ‘क्रिसमश ट्री’ और ‘क्रोटन’ प्रेमियों ने नया पीपल लगाने में अभिरूचि
नहीं दिखायी और ‘बोधिवृक्ष’ की
तरह पुराने पीपल की सुरक्षा वाले ‘बोटैनिकल’ डॉक्टर भी नहीं पधारे आजतक। ”
सोढ़नदासजी
की बातों ने मुझे जरा सजग किया। ज़िराफ की तरह गर्दन सीधी करके, उनकी बातों में रस
लेने लगा।
वे
कह रहे थे— “ उन महाज्ञानी
महाराजजी के कहने पर कल ही गया था प्रेतशिला पर प्रेतशान्ति कराने पाँचसौ सीढ़ियाँ
चढ़कर। तरह-तरह की प्रेत-लीलाओं के बारे में सुना करता था, देखने का मौका कल ही
मिला। कोमल तन-मन वाली स्त्रियाँ ही ज्यादा शिकार नज़र आयी—खुले बाल में झुमटे
खेलती और बोल्ड डांस करती। भूत उतरवाने से कहीं ज्यादा संख्या भूत-नाच देखने वालों
की थी।
“ मेरे सिर पर सवार प्रेत शान्त हुआ कि नहीं कह नहीं सकता, किन्तु वहाँ छुट्टेसांढ़
की तरह इस-उस पर मुँह मारते घूमरहे जिन्दा प्रेतों को तो जनमभर याद रहेगा। पंडितजी के निर्देशन में तीन-चार घंटे का जोरदार
कर्मकाण्ड हुआ। सीढ़ियाँ चढ़ने-उतरने के कष्टकर कर्मकाण्ड की तो गिनती ही नहीं। पहाड़ी
के ऊपर का कर्मकाण्ड पूरा करके नीचे उतरा। सरोवर में स्नान करके वस्त्रत्याग की
बात कही पंडितजी ने। अभी कायदे से कपड़े बदल भी नहीं पाया था कि एक साथ दस-बारह
पंडित वेशधारी मूसलचन्द चौबगली से घेरकर भनभनाने लगे—छत्ते से छूटे बर्रे की तरह ।
हमारे पुरोहितजी से बकझक करने लगे, क्योंकि उन्होंने थोड़ी चालाकी दिखायी थी—उन
लोगों को कह दिया था कि पाँच घंटे कर्मकाण्ड चलेगा और साढ़ेतीन घंटों में ही
निपटाकर नीचे उतर आए हमें लेकर।
“ दरअसल उन लोगों का धंधा है, पिण्डदान के बाद श्रद्धालुओं को बहुत परेशान
करते हैं। लड़-झगड़कर, जमकर उगाही करते
हैं—डराते-धमकाते हैं और मोटी रकम लेकर ही पिंड छोड़ते हैं। वे स्वयं को उस स्थान का पंडा-पुरोहित कहते हैं, जबकि ‘गयाजी’ के असली तीर्थ-पुरोहित बिल्कुल अलग हैं ‘राज्य और जिलेवार’ उनकी हिस्सेदारी बँटी होती है
। उनके संस्कार-व्यवहार एकदम अलग हैं—जो श्रद्धाराशि मिल जाए यजमानों से। गौरतलब
है कि इन तथाकथित पंडा यानी छद्म-दलालों के शकल-सूरत या बात-व्यवहार में रत्तीभर भी
ब्रह्मणत्व नहीं झलकता। संकल्प-वाक्य भी शुद्ध नहीं बोल सकते। किन्तु दुःखद ये है
कि असली तीर्थपुरोहितों को अपने ऐश-वो-आराम से ही फुरसत नहीं। नतीजन तीर्थ की
दुर्गति हो गई है। श्रद्धालुओं की आस्था का अपहरण हो रहा है।
“ हुआ ये कि ग्यारह हजार से बात शुरु होकर, ग्यारह सौ पर आ गई। वह भी मेरी
जेब से निकलता न देख, किसी तरह एकसौग्यारह पर निपटारा हुआ। टेंट से रुपए निकालकर,
एक के हाथ में देने के बाद वह आगे बढ़ा पीठ ठोंककर आशीर्वाद देने । तभी मेरे भीतर
का मानसीप्रेत हुँकार भर उठा। उठाया डंडा और सीधे दे मारा उसकी पीठ पर। एक
पर लाठी पड़ते ही दूसरा भाग खड़ा हुआ। मेरे पंडितजी ने उन्हें और डरा दिया—भागो
नहीं तो एक की भी जान नहीं बचेगी आज...इस बुढऊ पर तीन साल से प्रेत सवार
है...दस-बीस को एकसाथ देख लेता है डंडे की जोर पर...इसी के गाँव का एक लठैत
आत्महत्या करके, इस पर सवार हो गया है...मैंने तो सोचा था अब ठीक हो गया होगा
प्रेतशिला पर पिण्ड लेकर, किन्तु.... – कहते हुए वे भी अपना झोला-झक्कड़ सम्भालते,
एक ओर सरक लिए। ”
मेरी
हँसी रोके न रुक रही थी। रसोई से बाहर निकलकर श्रीमतीजी भी मुँह पर आँचल रखे, अपनी
हँसी रोकने की कोशिश कर रही थी।
जरा
दम लेकर सोढ़नदासजी फिर कहने लगे—“
माना कि शास्त्र-पुराण झूठे नहीं हैं, चौरासीलाख योनियों में प्रेत-योनी भी एक है।
किन्तु ऐसा नहीं है कि वे इतनी सहजता से घूमते फिर रहे हैं, लोगों पर सवार हो जा
रहे हैं। सच पूछो तो शास्त्रों की आड़ में भलेमानसों को बेवकूफ बनाने का धन्धा चल
पड़ा है। मैं डंके की चोट पर कहता हूँ कि हजारों-लाखों में कोई एक असली प्रेतांशा
वाला मामला होता है और जो असली वाला होता है, उसपर नियन्त्रण और उसकी शान्ति का
उपाय इतना आसान नहीं है, जितना लोग समझ लेते हैं। उस लाख में एक की सच्चाई की आड़
में ही बाकी के ‘मानसरोगियों’
का शोषण हो रहा है। ”
मुझे भी सोढ़नदासजी की बातों में दम नज़र आया। बात बिल्कुल सही कह रहे हैं। भूत-प्रेत यूँ भटकते नहीं चल रहे हैं। आयुर्वेद स्पष्ट कहता है—‘आधि’ और ‘व्याधि’ दो प्रकार हैं। मन का रोग और तन का रोग। रोग के लक्षण के अनुसार इनकी सम्यक् चिकित्सा होनी चाहिए। भूत-प्रेत जैसा कुछ भी लक्षण दिखे, तो सबसे पहले मनोचिकित्सक से सम्पर्क करना चाहिए, न कि ओझा-गुनी-तान्त्रिक से। मुझे भी विश्वास है कि 99% प्रेतांशा-लक्षण-रोगी औषधि से ही दुरुस्त हो जायेगा। किन्तु यहाँ भी एक विडम्बना है—आयुर्वेद का गला घोंट दिया गया और अंग्रेजी पढ़ुए डॉक्टर ‘ओलान्ज़ापाइन’ ग्रूप की दवाइयों का ‘पावर’ अप-डाउन करते समय गुज़ार देते हैं और सही उपचार मिल नहीं पाता। भुक्तभोगी के एक ओर खाई और दूसरी ओर कुआँ है—बेचारा जाए तो किधर !
00000 #कमलेश पुण्यार्क,
Comments
Post a Comment